उधमपुर। रामनगर के किया में सास की हत्या मामले में गिरफ्तार दामाद से पूछताछ और आगे की जांच को लेकर कोर्ट ने आरोपी को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
गौरतलब है कि रविवार देर रात रामनगर के बताडु निवासी सुदेश कुमार ने नशे की हालत में अपने ससुराल पहुंचकर तेजधार कुल्हाड़ी से ससुरालियों पर जानलेवा हमला कर दिया था। इसमें उसकी सास की मौत हो गई थी, जबकि उसकी गर्भवती पत्नी और सालेहार गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बताया जा रहा है कि सुदेश कुमार राजस्थान में काम करता है और लगभग एक माह पहले घर आया था। इस दौरान उसका पत्नी ललिता देवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसके चलते उसकी पत्नी अपने मायके आ गई। तब से वह अपने मायके में रह रही थी। रविवार रात को सुदेश नशे की हालत में अपने ससुराल पहुंचा और वारदात को अंजाम दे दिया। उसके हमले में सास शांति देवी, पत्नी ललिता और सालेहार अंजू देवी घायल हो गई थीं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही सास की मौत हो गई थी, जबकि ललिता और अंजू को अस्पताल भर्ती कराया गया। अंजू की हालत गंभीर होने पर उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया था। वहां पर अभी भी उसका उपचार जारी है, जबकि आरोपी की पत्नी नौ माह की गर्भवती है। उसका जीएमसी उधमपुर में उपचार जारी है और हालत पहले से स्थिर बताई जा रही है।
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और आगे की कार्रवाई के लिए सब जज रामनगर के समक्ष पेश किया और 10 दिनों की पुलिस रिमांड हासिल की। थाना प्रभारी एसडी सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। आगे की कार्रवाई के लिए उसको रिमांड पर ले लिया गया है। मामले की जांच और पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।