उधमपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उधमपुर व्यापार मंडल ने शहर में ‘नो मास्क नो सेल’ का नियम लागू करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि इससे लोगों को कोरोना नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने और संक्रमण की रोकथाम में मदद मिलेगी।
मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र वरमानी ने कहा कि कोरोना नियमों के बारे में जागरूकता फैलाने और संक्रमण के प्रसार को रोकने को लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ग्राहकों के लिए क्या करें और क्या न करें की सूची जारी की है। इसके अलावा बिना मास्क दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के लिए ‘नो मास्क नो सेल’ का नियम भी लागू किया है। सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अनुरोध है कि बिना मास्क दुकानों पर आने वालों को सामान न दिया जाए।
अध्यक्ष ने जनता के साथ दुकानदारों और ग्राहकों को सलाह दी है कि नियमों का सख्ती से पालन करें। मास्क पहनें, सामाजिक दूरी बनाए रखें और बार-बार हाथ धोते रहें। उन्होंने अपील की कि नियमों का पालन कर महामारी को हराने में प्रशासन का सहयोग करें। सभी कोरोना नियमों का पालन करने की तत्काल आवश्यकता है।