उधमपुर। जिले में रविवार को सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ तीन लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होने पर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सख्त कदम उठाने की तैयारी की जा रही है।
कुछ दिनों से लगातार कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। हर रोज 10 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। लेकिन, रविवार को इसमें थोड़ी कमी आई और शाम तक केवल सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। टिकरी में एक, चिनैनी में दो, रामनगर में एक और शहर में तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसका एक कारण टेस्टिंग कम होना है। जिला अस्पताल में ओपीडी सेवा बंद होने के कारण टेस्टिंग भी कम हुई है।
जिले में ज्यादातर संक्रमण के मामले ओपीडी में जांच के लिए पहुंचने वाले मरीजों के ही सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 11563 हो गई है। इसमें से 11344 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 139 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 80 हो गई है।