उधमुपर। जिले में शुक्रवार को 1588 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। सुबह से शाम तक लोग वैक्सीन लगवाने के लिए सेंटरों में पहुंचते रहे। जहां रजिस्ट्रेशन कराने के बाद सभी ने वैक्सीन की खुराक ली।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में पहली डोज लगाने का लक्ष्य लगभग पूरा करने के बाद दूसरी डोज लगाने की प्रक्रिया को तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है। इसके लिए वैक्सीन केंद्रों की संख्या को बढ़ाने के साथ विशेष शिविर लगाकर तथा मोबाइल टीमें बनाकर भी लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। इससे अधिकतर लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। इसके चलते कुछ दिन से अब हर रोज दो हजार से कम लोगों को ही वैक्सीन लग पा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुक्रवार को 18 से 44 आयु वर्ग में 94 लोगों को पहली और 1363 लोगों को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में छह लोगों को पहली और 107 को दूसरी, 60 से अधिक आयु वर्ग में दो को पहली और 16 को दूसरी डोज लगाई गई है। पहले जहां हर रोज करीब तीन हजार लोगों को वैक्सीन लग पा रही थी तो अब इनकी संख्या दो हजार से कम रह गई है। विभाग की तरफ से सभी वैक्सीन सेंटर खोले गए हैं और ज्यादातर लोग दूसरी डोज लगवाने के लिए ही पहुंच रहे हैं।