धमपुर शहर में बिना मास्क के बाजार पहुंचे युवक
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। बाजारों में त्योहारों के मौसम में लोगों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में हालात यह बन गए हैं कि लोगों ने अब कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सामाजिक दूरी को भी नजरंदाज करना शुरू कर दिया है। बाजार में लोग बिना मास्क के घूमते नजर आ रहे हैं।
वहीं, पुलिस व प्रशासन ने भी बिना मास्क के बाहर निकलने वाले लोगों पर कार्रवाई करना कम कर दिया है। नवरात्र के साथ त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है। बाजार में सुबह से रात तक भीड़ लगी देखी जा सकती है। त्योहार और शादियों को लेकर हर रोज हजारों लोग बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। यात्रियों से भरे वाहन शहर पहुंच रहे हैं, और दुकानों में भी खरीदारी करने के लिए भीड़ लगी है।
हैरानी की बात यह है कि कोरोना काल अभी बीता नहीं है, और लोग बिना मास्क बाजार में घूमते और खरीदारी करते देखे जा सकते हैं। इससे संक्रमण बढ़ने की आशंका भी बढ़ती जा रही है। मौजूदा समय में जिले में न के बराबर मामले शेष हैं। लेकिन, अगर लोगों ने लापरवाही करना बंद नहीं किया गया तो कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। बाजारों में लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होने के बाद पुलिस व प्रशासन ने भी कार्रवाई करना कम कर दिया है। पहले जहां हर रोज पुलिस शहर के विभिन्न हिस्सों में बिना मास्क के बाहर निकलने वाले लोगों पर कार्रवाई करती थी। वहीं, अब कभी कभार ही पुलिस नजर आ रही है।