उधमपुर। जिले में कोरोना संक्रमण से शुक्रवार को दो और लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही 18 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दिन प्रतिदिन कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी और मरने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर प्रशासन की चिंता बढ़ती जा रही है। संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में रहने वाले लोगों को क्वारंटीन कर लिया गया है।
गौरतलब है कि करीब दो सप्ताह से जिले में लगातार कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होती जा रही है। इसके साथ ही अब मरने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने लगी है। इस पर अंकुश लगाने को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिल पा रही है। वीरवार को जिले में कुल 35 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। शुक्रवार को इनकी संख्या में थोड़ी कमी आई है। शाम तक कुल 18 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही दो लोग की कोरोना से मौत भी हो गई है।
अब तक जिले में कोरोना संक्रमण से 35 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमित पाए गए 18 लोगों में दो लोग मेन बाजार के रहने वाले हैं। एक पटनीटाप में रहने वाला व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। एक सीआरपीएफ का जवान, दो दिल्ली के रहने वाले लोग भी संक्रमित पाए गए है। एक स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी भी संक्रमित पाया गया है। एक-एक रामनगर और चिनैनी में भी संक्रमित पाया गया है। इसी के साथ जिले के कोरोना संक्रमितों की संख्या 2960 हो गई है। 2698 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। शुक्रवार को कुल 12 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। जिले में मौजूदा समय में कोरोना के 227 सक्रिय मामले मौजूद हैं।