उधमपुर। जिले में कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से बुधवार को बड़े पैमाने पर टेस्टिंग अभियान की शुरूआत की गई। शाम तक जिले में 1200 से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए। कल्लर से सैला तालाब तक सरकारी कर्मचारियों के साथ दुकानदारों के भी कोरोना टेस्ट किए गए हैं। इनमें से कुछ लोग कोरोना संक्रमित भी पाए गए हैं। यह अभियान 18 मई तक लगातार चलता रहेगा।
जिला मजिस्ट्रेट ने सोमवार को सभी सरकारी कर्मचारियों और दुकानदारों के कोरोना टेस्ट करने के आदेश जारी किए थे और इसके लिए रोस्टर भी जारी किया गया था। इसी के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बीडीओ कार्यालय और ब्रह्मऋषि बावरा स्कूल में कोरोना टेस्टिंग का आयोजन किया गया। इनमें कल्लर से सैला तालाब तक सभी दुकानदारों और सरकारी कर्मचारियों के कोरोना टेस्ट किए गए। ज्यादातर लोगों के रैपिड टेस्ट किए जा रहे हैं। इनमें से कुछ लोग कोरोना संक्रमित भी पाए गए हैं। शाम तक 500 से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा चुके थे। इसके साथ ही जिला अस्पताल, रामनगर, चिनैनी में भी कोरोना टेस्ट किए गए। बैंकों के बाहर विशेष तौर पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों को नियुक्त किया गया है और बैंक पहुंचने वाले उपभोक्ताओं के टेस्ट किए जा रहे हैं। जिले में शाम तक 500 से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा चुके थे।