उधमपुर। कोरोना संक्रमण के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला विकास आयुक्त इंदु कंवल चिब ने लोगों से इसके निवारक उपायों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है।
शुक्रवार को उपायुक्त ने उधमपुर के लोगों के नाम एक संदेश में कहा कि कोरोना संक्रमण का ओमिक्रॉन एक नया स्वरूप है, जो तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है। यह किसके लिए ज्यादा घातक है? यह सिर्फ डॉक्टर ही बता सकते हैं। इसलिए, लोगों से अपील है कि खुद डॉक्टर बनने की बजाय नियमों का पालन करें। प्रशासन को सख्ती करने के लिए मजबूर न करें। हमेशा मास्क पहनें, हाथों को अच्छे से साफ करें, सार्वजनिक स्थानों पर सामाजिक दूरी बनाकर रखें, भीड़ न बढ़ाएं और गैर जरूरी समारोहों को टाल दें या कम लोगों को शामिल करें।
उन्होंने रामनगर, चिनैनी और उधमपुर के दुकानदारों से भी अपील की है कि अपने हेल्थ कार्ड बनवा लें। जिनका नवीनीकरण नहीं हुआ है, वह जल्द से जल्द जांच करवाकर हेल्थ कार्ड का नवीनीकरण करवा लें। क्योंकि, आने वाले दिनों में प्रशासनिक टीमें जगह-जगह इनकी जांच करेंगी। जिस दुकानदार का हेल्थ कार्ड रिन्यू नहीं होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
----
एक सप्ताह तक चलेगा किशोरों का टीकाकरण
डीसी ने बताया कि 15 से 17 वर्ष के किशोरों के लिए 3 जनवरी से विद्यालयों में टीकाकरण अभियान शुरू होगा। यह एक सप्ताह तक चलेगा। इसके बाद इसे बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि 15 से 17 साल के किशोरों का टीकाकरण अवश्य कराएं। यह पूरी तरह सुरक्षित है। इसको लेकर किसी भी प्रकार का संकोच अथवा भ्रम न पालें।