उधमपुर में शहर के बीच से गुजर रहा धार रोड, जिसको फोरलेन किया जाना है
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर के बीच से होकर गुजर रहे धार रोड के फोरलेन बनने के लिए शहरवासियों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ेगा। ग्रेफ को फोरलेन के निर्माण के लिए फंड नहीं मिल रहे हैं। विभाग की तरफ से सर्वे और निशानदेही का काम तो पूरा कर लिया गया है, लेकिन इससे आगे काम को शुरू नहीं कर पा रहे हैं।
शहर के बीच धार रोड पर जाम की परेशानी आम हो चुकी है। सुबह से लेकर शाम तक दिन में कई बार धार रोड पर जाम लगता है। कई बार तो जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। इसी को लेकर जिला प्रशासन ने ग्रेफ के साथ मिलकर धार रोड को सुभाष चौक से लेकर गोल मेला तक करीब पांच किलोमीटर लंबा फोर लेन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था। केंद्र सरकार से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद 2019 में इसको लेकर फोरलेन के लिए निशानदेही की गई। निशानदेही करने के बाद दुकानदारों को दुकानों के बाहर किया गए अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए थे। निशानदेही होने के बाद लगा था कि जल्द ही इसका काम शुरू हो जाएगा, लेकिन दो वर्ष गुजरने के बाद भी बीआरओ का काम निशानदेही तक ही सीमित है और काम को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है। अब ऐसा लगने लगा है कि इस योजना को अब ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
------
धार रोड के किनारे पर मौजूद हैं डीसी सहित कई सरकारी कार्यालय
डीसी, एडीसी, एडीडीसी, जिला अदालत सहित कई बड़े कार्यालय धार रोड के किनारे पर मौजूद हैं। जब इन स्थानों पर सरकारी अधिकारियों व लोगों का पहुंचना शुरू होता है तो बेतरतीब तरीके से पार्क किए गए वाहनों के कारण जाम लग जाता है और धार रोड पर वाहनों को निकलने के लिए स्थान नहीं मिलता है, लेकिन अब धार रोड के फोर लेन बनने के बाद काफी हद तक इससे राहत मिलेगी।
------
फंड उपलब्ध न होने के कारण ही बीआरओ आगे काम नहीं कर पा रहा है। फोर लेन बनाने के लिए धार रोड के किनारे से कई बिजली के पोल को स्थानांतरित करना है। कई पेड़ काटे जाने हैं, पाइप लाइन को स्थानांतरित करना है। इसके बाद ही आगे का काम शुरू होगा। बीआरओ को फंड मिलने का इंतजार है। फंड मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
-एच मूर्ति कमांडर, 35 बीआरटीएफ