उधमपुर में कोविड के कारण मारे गए वकील व जजों मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि देते वकील
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। अधिवक्ता दिवस के उपलक्ष्य में न्यायालय परिसर उधमपुर में बार एसोसिएशन ने अधिवक्ता संजीत बवोरिया की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें कोविड-19 महामारी के दौरान जान गंवाने वाले न्यायाधीशों व वकीलों को श्रद्धांजलि दी गई।
अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण देश के अन्य हिस्सों की तरह जम्मू प्रांत में भी कुछ वकीलों को अपनी जान गंवानी पड़ी। सरकार ने प्रधानमंत्री राहत कोष से 551 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट स्थापित करने की घोषणा की थी। इसके लिए जनवरी 2020 में 162 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए 201.8 करोड़ रुपये आवंटित किए, और अक्तूबर 2020 में इसके टेंडर जारी किए। इस तरह सरकार ने आठ महीनों का समय बर्बाद कर जानबूझकर लोगों को परेशानी की तरफ धकेला।
उधमपुर में भी ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगाने में डेढ़ साल का समय लग गया। इसलिए सरकार से अपील है कि विकास कार्यों की इस तरह की सुस्त रफ्तार पर लगाम लगाई जाए। देश में 15 लाख से अधिक वकील हैं। सरकार हमेशा वकीलों की अनदेखी करती है। सरकार से अपील है कि वकीलों व उनके परिवारों के हित को ध्यान में रखते हुए इनके लिए ग्रुप इंश्योरेंस व हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम लागू की जाए। साथ ही उन्होंने वकीलों की सुरक्षा को लेकर ठोस कानून बनाने सहित अन्य मांगों को भी उठाया। मौके पर अधिवक्ता सुरिंद्र खजूरिया, वेद राज शर्मा, अखिल राजपूत, अनूप गुप्ता, आदि उपस्थित रहे।