उधमपुर। वॉइस ऑफ डुग्गर प्रबंधन कमेटी ने टॉप-18 की सूची जारी कर वॉइस ऑफ डुग्गर गायन प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के परिणाम घोषित किए हैं। इसमें जम्मू प्रांत के सभी जिलों समेत हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, मंडी, आदि क्षेत्रों से कुल 150 गायकों ने भाग लिया।
इनमें से 40 प्रतिभागी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। इन 40 में से टॉप-18 को सेमीफाइनल के लिए हरी झंडी दी जा रही है। क्वार्टर फाइनल में कड़े मुकाबले का सामना करते हुए रियासी के माहिल चौधरी 300 में से 280 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर हैं। जबकि, उधमपुर के अर्जुन कुमार और सांबा की करुणा मजोत्रा क्रमश: 250 और 245 अंक प्राप्त कर दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
टॉप-18 में स्थान बनाने वाले अन्य प्रतिभागियों में प्रणवी खजूरिया (जम्मू), गीता देवी (रियासी), कुमार रघुवंशी (रियासी), आयुष राजपूत (रियासी), निशु देवी (उधमपुर), राकेश कुमार (उधमपुर), आरती देवी (उधमपुर), आर्शी कलस (उधमपुर), आशीष कुमार (उधमपुर), प्रदीप कुमार (उधमपुर), वसुधा आनंद (जम्मू), संजय कुमार (उधमपुर), राज कुमार (उधमपुर), सोनू कुमार (उधमपुर) और संजय समर (उधमपुर) शामिल हैं। प्रतिभागियों को उनकी योग्यता के आधार पर प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
इस अवसर पर प्रबंधन निदेशक देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस गायन प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य डुग्गर के कोने-कोने में मौजूद हर प्रतिभा को सुलभ मंच प्रदान करना है। कहा कि जल्द ही प्रतिभागियों के प्रशिक्षण के लिए लाटी में तीन दिवसीय सुर साधना शिविर लगाया जाएगा, जहां प्रतिभागियों को संगीत की बारीकियां सिखाई जाएंगी। इस अवसर पर अपना डोगरी चैनल की प्रधान रेखा ठाकुर, प्रबंधन समिति के प्रधान सुभाष शर्मा, संगीत निर्देशक इंदर पॉल, सत्य ऋषि, सुदेश सुल्तानपुरी, आदि उपस्थित थे।