उधमपुर: हॉस्पिटल को जाने वाली रोड में लगा गंदगी का ढेर.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई, और शहर को भी साफ कर दिया गया था। लेकिन, रविवार को शहर फिर से कचरे से भरा नजर आया। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए थे। यह मंजर शाम तक बना रहा, क्योंकि सफाई के लिए कर्मचारी पहुंचे ही नहीं।
ज्ञात है कि नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर वीरवार व शुक्रवार को हड़ताल की थी। इससे शहर के ज्यादातर हिस्सों में गंदगी जमा हो गई थी। हालांकि, शुक्रवार देर रात को मंडलायुक्त जम्मू डॉ. राघव लंगर के आश्वासन के बाद हड़ताल को बंद कर दिया गया, और शनिवार को सफाई कर्मचारियों ने शहर की गंदगी उठाने का काम शुरू कर दिया। दोपहर तक शहर के ज्यादातर हिस्से साफ हो चुके थे।
लेकिन, रविवार को दूसरे ही दिन एक बार फिर से शहर के कई हिस्सों में कचरे के ढेर लगे रहे। अस्पताल रोड पर दिन भर गंदगी फैली रही। इसी तरह धार रोड के किनारे भी कचरे से घिरे रहे। इससे शहरवासी परेशान होते रहे। इसका मुख्य कारण नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का रविवार को पूरी तरह काम न करना है।
दरअसल, रविवार को बहुत ही कम सफाईकर्मी काम पर पहुंचे। शहरवासियों का कहना था कि रविवार के दिन बाकी दिनों के मुकाबले बाजार में लोगों की संख्या अधिक होती है। रविवार को लोगों की छुट्टी होती है, और सोमवार को बाजार बंद रहता है। इसलिए, रविवार को अधिक संख्या में लोग बाजार में खरीदारी करने पहुंचते हैं। यह परेशानी अक्सर रहती है, इसलिए नप को इसके लिए कोई ठोस कदम उठाने चाहिए।