डोडा। जिला मुख्यालय डोडा से पांच किलोमीटर दूर पुल डोडा में पुराने पुल के पास किश्तवाड़-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने से घंटों मार्ग बंद रहा और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके कारण आसपास की कुछ दुकानों को भी नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि भूस्खलन शनिवार देर रात हुआ। अगर भूस्खलन दिन के समय हुआ होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
बताया जाता है कि दिन में यहां बड़ी संख्या में लोग, व्यापारी, यात्री तथा छोटे-बड़े यात्री वाहन रहते हैं। इससे जानमाल का नुकसान हो सकता था। वही गणपत पुल होने के कारण यात्री वाहनों की आवाजाही पर अधिक फर्क नहीं पड़ा। सुबह होते ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर काम कर रही कंपनी एनएचआईडीसीएल ने सड़क पर पड़े पत्थर और मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया। कुछ घंटों के बाद मलबा हटा दिया, जिसके बाद यातायात बहाल हो गया।