कटड़ा। बरसात शुरू होते ही धर्मनगरी के मौसम में भी काफी बदलाव आया है। कुछ दिनों से जहां रोजाना बारिश हो रही है वहीं त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छा रही है। सोमवार को भी बारिश होने और त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाने से चॉपर सेवा प्रभावित रही। इस कारण दर्शन के लिए आए यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। वहीं, बैटरी कार और रोपवे सेवा बहाल रही है। सोमवार शाम सात बजे तक दस हजार भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
जानकारी के अनुसार धर्मनगरी में दिनभर रुक-रुक कर बारिश जारी रही और त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाई रही। इससे तापमान में काफी गिरावट आई है। मां वैष्णो के भक्तों में दर्शन के लिए उत्साह बरकरार है। उधर, त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाए रहने से चॉपर सेवा प्रभावित रही, जिस कारण ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने वाले भक्तों को असुविधा का सामना करना पड़ा है। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी अनुसार रविवार को जहां 18200 भक्तों ने मां वैष्णो के दर्शन किए हैं वहीं, सोमवार शाम सात बजे तक दस हजार भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।