उधमपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर की जाने वाली पतंगबाजी की तैयारियों में बच्चे और युवा रविवार को दिनभर व्यस्त रहे। उन्होंने बाजारों में पहुंच कर पसंद की पतंग और डोर की खरीदारी की। इसके साथ ही कई युवाओं और बच्चों ने घर में पहुंच कर पतंगबाजी कर खूब लुत्फ उठाया है। पुलिस टीमें दिनभर प्रतिबंधित गट्टू डोर को लेकर दुकानों में दबिश देती रही।
सनद रहे कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन बच्चे और युवा उत्साह के साथ पतंगबाजी करते हैं। इस दिन एक दूसरे की पतंग काटने की कड़ी प्रतिस्पर्धा रहती है। इसी को लेकर कई दिन पहले ही तैयारियां शुरू हो जाती हैं। रविवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर बच्चे व युवाओं ने अपनी तैयारी को अंतिम रूप दिया। पतंग व डोर खरीदने के लिए सुबह से लेकर शाम तक बाजार में रौनक लगी रही। शाम के समय तो पतंग की दुकानों में इतनी भीड़ थी कि अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा था। शाम के समय तो शहर के विभिन्न हिस्सों में पतंगबाजी शुरू हो चुकी थी और एक दूसरे की पतंगे काटने के लिए जोरदार प्रतिस्पर्धा चलती रही।
वहीं, प्रशासन ने गट्टू डोर की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के बाद पुलिस की तरफ से लगातार दुकानों की जांच की जा रही थी और दुकानदारों को चेतावनी दी जा रही थी कि अगर किसी ने चोरी से गट्टू डोर बेचने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।