- चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्रवाई से बाजारों में मचा हड़कंप दुकानदारों को सख्त चेतावनी
उधमपुर। शहर में बाल मजदूरी की कुप्रथा को जड़ से खत्म करने के लिए जिला प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन विभाग ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की गई, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान नाबालिग बच्चे को मजदूरी करते हुए पाया गया, जिसे टीम ने तुरंत रेस्क्यू किया।
अधिकारियों के अनुसार विभाग को कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ दुकानों पर नाबालिग बच्चों से काम करवाया जा रहा है। जिला समाज कल्याण विभाग की देखरेख में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने श्रम विभाग के सहयोग से संयुक्त रूप से दबिश दी। मुक्त कराए गए बच्चे को आवश्यक काउंसलिंग और संरक्षण के लिए संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक हरि कृष्ण ने बताया कि नाबालिग बच्चों से काम करवाना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा, जिस दुकान से बच्चा बरामद हुआ है, उस दुकानदार के खिलाफ लेबर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बच्चों का असली स्थान स्कूल है, न कि दुकानें या कारखाने।
जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। अधिकारियों ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वे बाल श्रम को बढ़ावा न दें। यदि कोई भी व्यक्ति बाल मजदूरी करवाते हुए मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत विभाग को दें।