चिनैनी। टंडार-पखलाई मार्ग की हालत में सुधार किए जाने की मांग स्थानीय लोगों ने उठाई है। लोगों ने कहा कि मार्ग की हालत कई जगहों पर खराब है जिस कारण लोगों के लिए परेशानियां खड़ी हो जाती हैं। सत्यालता के पूर्व सरपंच बलदेव सिंह ने कहा कि करीब 14 किलोमीटर दूर टंडार-पखलाई मार्ग पर करीब 100 मीटर एरिया ऐसा है जिसकी हालत काफी खराब हो गई है। उक्त स्थान पर स्थानीय लोगों ने गाड़ियों को गुजरने के लिए वहां पर मिट्टी तथा पत्थर डालें ताकि गाड़ियों की आवाजाही आसान बना सके। कई बार गाड़ियां यहां पर फंस जाती हैं और लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है।
वहीं टंडार निवासी रिंकू कुमार, काकाराम, दयाराम, राकेश कुमार ने कहा कि टंडार-पखलाई मार्ग की हालत में सुधार किया जाना चाहिए। लोगों ने कहा कि बारिश में कई बार मार्ग बंद हो जाता है जबकि मार्ग की हालत भी कई जगहों पर खराब है। लोगों ने कहा कि टंडार-पखलाई मार्ग बनने से लोगों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद थी मगर लोगों को आज भी जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के जरिए ही उधमपुर पहुंचना पड़ता है। लोगों ने इस मार्ग की हालत में सुधार की मांग उठाई है। वही पीएमजीएसवाई एईई रितेश ने कहा कि शुक्रवार को इस मार्ग को खोलने के लिए मशीन भेजी गई थी और मार्ग खोल दिया गया था। संवाद