चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटनस्थल पटनीटॉप के लिए जम्मू तथा कटड़ा से सीधे बस चलाने की मांग कारोबारियों ने की है।
उनका कहना है कि सैलानियों को तीन चरण पार कर पटनीटॉप में पहुंचना पड़ता है। कई सैलानी ऐसे होते हैं जिनकी एक दिन की यात्रा होती है। सीधी बस सुविधा नहीं होने के कारण वे रास्ते से ही वापस चले जाते हैं। पटनीटॉप टैक्सी यूनियन के प्रधान प्रकाश ने कहा कि मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद कई श्रद्धालु पटनीटॉप में घूमने की योजना बनाते हैं लेकिन जब उन्हें पता चलता है कि कटड़ा से उधमपुर और फिर चिनैनी में गाड़ी बदलकर पटनीटॉप पहुंचना पड़ेगा तो कई पर्यटक बीच रास्ते से ही टूर रद्द कर देते हैं। ऐसे में जम्मू और कटड़ा से आने वाले सैलानी वादियों का आनंद नहीं ले पाते।
कारोबारी अशोक सिंह व राजेश कुमार के अनुसार पटनीटॉप के लिए जम्मू तथा कटड़ा से सीधे बस शुरू हो जाए तो कारोबार में इजाफा होगा। इसलिए सरकार से मांग है कि दोनों शहरों से सीधी बस सेवा दी जाए। संवाद