चिनैनी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बिजली की स्पेशल लाइन न होने के कारण मरीज और तीमारदार परेशानी झेल रहे हैं। बत्ती गुल होने के कारण एक्स-रे सहित लेबोरेटरी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं जिससे मरीजों का दर्द और बढ़ रहा है।
तीमारदार राकेश कुमार, संजीव कुमार और शंकर चंद ने बताया कि सीएचसी पर चिनैनी सबडिवीजन के अलावा तहसील लाटी, तीर्थस्थल सुद्धमहादेव, गौरीकुंड, मानतलाई, पटनीटॉप, कुद की आबादी निर्भर है। केंद्र में इमरजेंसी केस आते रहते हैं और कई बार बिजली की समस्या मरीजों के लिए परेशानियां बढ़ा देती है। अस्पताल में स्पेशल लाइन से बिजली की आपूर्ति की जाए ताकि इलाज में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आए। हालांकि जनरेटर की सुविधा है, पर लोड अधिक होने के कारण बड़ी मशीनें नहीं चल पाती हैं, जिस कारण मरीजों को घंटों तक बिजली बहाली का इंतजार करना पड़ता है। लोगों ने कहा कि सबडिवीजन का सबसे बड़ा अस्पताल होने के कारण हर सुविधा दी जानी चाहिए। वहीं बीएमओ डॉ. संतोष ने कहा कि बिजली की स्पेशल लाइन को लेकर उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द समस्या दूर होगी।