चिनैनी। जिले में कोरोना संकट बढ़ने और डीसी के आदेश के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने चिनैनी बाजार का दौरा कर बिना मास्क के घूम रहे लोगों के चालान काटे और जुर्माना वसूला है। इसके अलावा दुकानों में ज्यादा लोग होने पर भी जुर्माना किया गया।
एसडीएम अब्दुल सत्तार के निर्देश पर तहसीलदार वेद प्रकाश और थाना प्रभारी चंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को बाजार का औचक दौरा किया। इस दौरान बिना मास्क के घूम रहे लोगों सहित दुकानों में भीड़ जमा होने पर चालान काटे गए। वहीं, कोविड दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने, घरों से बेवजह बाहर नहीं निकलने, घर से बाहर मास्क पहनने व दुकानों में भीड़ जमा नहीं करने की चेतावनी दी। ऐसा नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का रोष जताया है।