भद्रवाह। उपजिला भद्रवाह में लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा करने पंहुचे जिला मेजिस्ट्रेट डा. सागर दत्तारे डोईफोडे ने कस्बे के बाजारों का व्यापक दौरा कर लॉकडाउन नियमों का उल्लघंन करने और कोविड़-19 एसओपी का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 500 लोगों को मास्क नहीं पहनने के लिए चालान किया।
इसके साथ ही उन्होंने पुराने अस्पताल के पास स्थित दो सरकारी राशन डिपो को भी सील कर दिया। साथ ही भद्रवाह शहर में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने के लिए पसरी बस स्टैंड, दल्लन के कुछ ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की।
इस अवसर पर जो लोग एसओपी और दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते पाए गए, उन्हें मौके पर जुर्माना लगाया गया और वायरस के प्रसारण को रोकने के लिए लापरवाही बरतने से बचने की हिदायत भी दी गई। इस दौरान नियमों का उल्लघंन करते पाए गए कुछ केमिस्टों और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दुकानदारों पर भी जुर्माना लगाया गया। इस अवसर पर डॉ. सागर ने एडीसी राकेश कुमार, एसडीपीओ आदिल रिशु, बीएमओ डॉ. हामिद जरगर और अन्य लाइन अधिकारियों व स्थानीय प्रशासन के साथ ईद त्योहार के मद्देनजर लॉकडाउन की स्थिति की भी समीक्षा की।