रियासी। कटड़ा में जहां एक तरफ गंडोला सेवा लगाने का विरोध किया गया, वहीं जिला मुख्यालय के लोगों ने सुला पार्क से भीमगढ़ फोर्ट और कालिका माता मंदिर तक गंडोला सेवा को लगाने की मांग को मुखर किया है।
जिला विकास कमेटी की ओर से 10 वर्ष पहले गंडोला सेवा शुरू करने के लिए कागजी कार्रवाई शुरू की गई थी। सुला पार्क के विकसित होने के बाद भीमगढ़ फोर्ट तक कटड़ा से शिवखोड़ी आने जाने वाले श्रद्धालु यहां पहुंच सकें। इसके लिए शुरू की गई मुहिम आज कहीं कागजों की फाइलों में धूल फांक रही है। गंडोला लगाने के साथ ही फोर्ट में एक जू बनाने की भी मांग हुई थी, जो भी ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है। हालांकि फॉरेस्ट विभाग ने फोर्ट पर जू बनाने की अनुमति वाइल्ड लाइफ को 10 वर्ष पहले दी थी लेकिन दिल्ली तक फाइल जाने के बाद भी कुछ नहीं बना।
.............
सुला से फोर्ट तक गंडोला लगाने के लिए फ्लोरिकल्चर और टूरिज्म विभाग को लिखा गया था। गंडोला का विस्तार कालिका माता और महादेव मंदिर तक करने की मांग थी। फॉरेस्ट ने वाइल्ड लाइफ को फोर्ट में जू बनाने की अनुमति दी, जोकि फोर्ट के चारों तरफ बनाया जाना था। कमेटी के सदस्य पूर्व व मौजूदा एलजी से तीन चार बार मिल चुके हैं लेकिन सारा काम फाइलों में अटका हुआ है। दोनों विभागों को इस पर काम कर उक्त प्रोजेक्ट को शुरू करना चाहिए।
-डॉ. सुखदेव शर्मा, प्रधान आल पार्टी जिला विकास कमेटी
...........
सुला से भीमगढ़ फोर्ट और कालिका माता मंदिर तक गंडोला और फोर्ट में जू बनाने की फाइल लगाए 10 वर्ष का समय हो गया है, जिसे खोला जाना चाहिए। पूर्व सरकार में रहे जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों के अलावा पूर्व और मौजूदा उपराज्यपाल से भी मुलाकात की थी। उक्त स्थान को जसरोटा की भांति बनाया जाना चाहिए ताकि बाहरी लोग यहां पर आ सकें।
-सुदेश पड़ोतरा, पूर्व वाइस चेयरमैन नगर परिषद रियासी
कटड़ा से शिवखोड़ी जाने आने वाले श्रद्धालु रियासी नगर में नहीं पहुंच पाते हैं। इस कारण सुला से बारादरी की तरफ से जाने वाले मार्ग पर यात्री आ सकें। इसके लिए सुला, भीमगढ़ फोर्ट और फिर कालिका माता मंदिर तक गंडोला लगाने की मांग हुई थी। इससे लोग नगर के बाजारों में भी आते, जहां पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होते। इसके साथ ही रियासी नगर के धार्मिक और दार्शनिक स्थानों के बारे में भी लोग जानकारी प्राप्त करते।
-रवि शर्मा, स्थानीय दुकानदार
........
भाजपा की सरकार में सारे काम फाइलों में ही अटके हुए हैं। जमीनी स्तर पर थोड़ा सा भी विकास नहीं हुआ है। गंडोला हो या कोई और प्रोजेक्ट, रियासी के लोगों को किसी का भी फायदा नहीं हुआ है। आल पार्टी जिला विकास कमेटी के सदस्य उपराज्यपाल से लेकर डीसी और संबंधित विभागों के अधिकारियों से भी मुलाकात कर चुके हैं। 10 वर्ष बीत जाने के बाद भी गंडोला सेवा सपना बना हुआ है। जू पर थोड़ा सा भी काम शुरू नहीं हुआ है।
-बिशन मगोत्रा, सदस्य जिला विकास कमेटी
सुला पार्क से भीमगढ़ फोर्ट और कालिका माता मंदिर तक गंडोला सेवा लगाई जानी है। इस पर दिशा की हुई बैठक में भी चर्चा हुई थी। मौजूदा समय के दौरान इसका काम आर्कियोलॉजी विभाग के पास है। फिर भी कार्यालय में रखी हुई फाइल की स्थिति के बारे में जानकारी ली जाएगी। अगर टूरिज्म विभाग की तरफ से कुछ किया जाना होगा तो उस पर तुरंत काम शुरू होगा।
-अलका मिश्रा, असिस्टेंट डायरेक्टर टूरिज्म