कटड़ा। धर्मनगरी सहित त्रिकुटा पर्वत पर अलसुबह हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। वहीं, कोरोना के मामलों में कमी और देशभर से ट्रेनों का आवागमन शुरू होने से मां वैष्णो के भक्तों में दिन प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। बुधवार शाम सात बजे तक करीब नौ हजार भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। इसे अलावा दिनभर हेलिकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सुविधा जारी रही है।
जानकारी के अनुसार धर्मनगरी सहित भवन में बुधवार तड़के हुई भारी बारिश के बाद दिनभर मौसम सुहावना बना रहा है। कुछ दिन से रोजाना प्रभावित हो रही हेलिकॉप्टर सेवा दिनभर जारी रही, जिसका भक्तों ने लाभ उठाया है। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी अनुसार मंगलवार को जहां 13554 भक्तों ने मां की प्राकृतिक पिंडियों में दर्शन किए हैं। वहीं, बुधवार शाम सात बजे तक नौ हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
उधर, सुहावने मौसम के बीच बैटरी कार और रोपवे सुविधा भी जारी रही है। इस दौरान दिनभर धर्मनगरी, यात्रा मार्ग और भवन मां वैष्णो के जयकारों से गूंजता रहा है।