किश्तवाड़। जिले के द्राबशाला में मंगलवार को चिनाब नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव की पहचान हो चुकी है, और पुलिस ने इसे परिजनों के हवाले भी कर दिया है।
पिछले महीने की 20 तारीख को कथित तौर पर एक आत्महत्या का मामला सामने आया था। इसमें दो चश्मदीद गवाहों ने बयान दिए थे। हालांकि, दोनों बयान अलग थे, इसलिए मामला संदिग्ध हो गया। बताया गया था कि डोडा के भरत बागला का रहने वाला सुनील कुमार कांदिनी इलाके में चिनाब नदी में डूब गया था। पुलिस व परिजनों ने उसकी खूब तलाश की, लेकिन तब उसका कुछ पता नहीं चला। अब मंगलवार को उसका शव द्राबशाला के पास मिला।
पुलिस ने शव को चिनाब से बाहर निकाला और पहचान करने के लिए उसके परिजनों को बुलाया। सुनील के परिवारीजन मौके पर पहुंचे, और उन्होंने शव को देखकर उसके सुनील होने की पुष्टि कर दी। पुलिस ने औपचारिक कार्रवाई करने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। गौरतलब है कि सुनील अपने ससुराल सरथल से वापस घर जा रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश वह कांदिनी के पास चिनाब नदी में कूद गया।