बीआरओ ने किया ऊंचे स्थानों तक सड़क नेटवर्क सुधार कर पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास
भद्रवाह में समुद्र तल से 11,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलदंडा
संवाद न्यूज एजेंसी
भद्रवाह। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने भद्रवाह के ऊंचे स्थानों तक सड़क नेटवर्क में सुधार करके पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया है। इसके तहत वीरवार को गांव पुजेना से भद्रवाह-बसोहली पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर तारकोल बिछाने का काम शुरू किया।
भद्रवाह में समुद्र तल से 11,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित गुलदंडा प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। इसलिए रोज सैकड़ों पर्यटक देवदार के घने पेड़ों से घिरे घास के विशाल मैदानों में आते हैं, जहां घास के मैदानों से कल-कल करती धारा बहती है। अंतरराज्यीय भद्रवाह-बनी बसोहली पठानकोट सड़क भद्रवाह के इस खूबसूरत स्थान से होकर गुजरती है।
छत्तरगला दर्रा और लोकप्रिय पर्यटन स्थल सरथल घाटी भी इसी सड़क से जुड़े हैं। ऐसे में यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है लेकिन भारी बर्फबारी और भौगोलिक रूप से उत्पन्न अन्य प्रकार की बाधाओं के कारण सड़क छह महीने से अधिक समय तक अवरुद्ध हो जाती है और यातायात के लिए कम उपयुक्त हो जाती है। इसके मद्देनजर यात्रा को अधिक आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए बीआरओ ने सड़क पर तारकोल बिछाने का शुरू कर दिया है।
ग्रेफ 118 आरसीसी के ओसी गौरव तिवारी ने कहा कि भद्रवाह आने वाले लोग सबसे पहले जाई जाना पसंद करते हैं, हालांकि ऊंचाई वाले घास के मैदान की सड़क कुछ पैच को छोड़कर अच्छी स्थिति में थी। फिर भी आगंतुकों के लिए यात्रा को और अधिक सुखद बनाने के लिए बीआरओ ने सड़क पर तारकोल बिछाने का काम शुरू कर दिया है।
इससे यह महत्वपूर्ण एनएच वाहनों के आवागमन के लिए चालू हो गया है। इससे निश्चित रूप से पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और आने वाले दिनों में यह भद्रवाह-बसोहली पठानकोट एनएच पर्यटन सर्किट का एक महत्वपूर्ण पैरामीटर बन सकता है। बीआरओ ने कहा कि तारकोल बिछाने का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर को पंजाब से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहनों की निर्बाध आवाजाही को सुगम बनाना है।
ओसी गौरव तिवारी ने कहा कि बीआरओ का यह सक्रिय कदम महत्वपूर्ण सड़क बुनियादी ढांचे को बनाए रखने में उसके अथक प्रयासों का उदाहरण है, खासकर गर्मियों के मौसम में एनएच के इस हिस्से के साफ होने से इस एनएच के किनारे रहने वाली बड़ी आबादी को चिकित्सा और अन्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकी हैं। तिवारी ने कहा कि 35 बीआरटीएफ उधमपुर के कमांडर एसके सिंह के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में पूरी कवायद की गई।
बीआरओ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुनेजा भद्रवाह निवासी मोहित कोतवाल ने कहा कि भद्रवाह पठानकोट एनएच पर जल्द ब्लैकटॉपिंग करके बीआरओ ने अपनी अटूट प्रतिबद्धता का परिचय दिया है, जिससे लोगों को राहत मिली है। इसका सारा श्रेय ओसी ग्रिफ 118 आरसीसी गौरव तिवारी, ओआईसी टीके बाग और जूनियर इंजीनियर (जेई) को जाता है। उनके अथक प्रयासों से भद्रवाह के लोगों को राहत मिली है।