भाजपा-पीडीपी सरकार के गठबंधन और विधानसभा चुनाव पर नए मुख्यमंत्री मुफ्ती के बयान के विरोध में सोमवार को कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने काले पट्टे बांध कर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धार रोड पर वाहनों की आवाजाही भी बंद कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दोनों ही पार्टियों ने जम्मू और कश्मीर संभाग की अवाम को धोखे में रखा है।
इंटक के प्रदेश सचिव कांग्रेस के युवा नेता सुमित मगोत्रा के नेतृत्व में दोपहर करीब बारह बजे युवाओं ने पीएचई बाड़या स्टेशन के सामने धार रोड पर काली पट्टे बांध कर जोरदार प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने धार रोड पर यातायात रोक दी, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस अवसर पर सुमित मगोत्रा, बलवंत सिंह, रघुवीर सिंह, शिवम शर्मा, राजू कबाड़िया, सुभाष शर्मा, शाम बंसल, आसिफ अली व अन्य ने कहा कि दोनों ही पार्टियों की विचार धारा पूरी तरह से अलग है।
यह गठबंधन राज्य के लिए काफी घातक सिद्ध होगा। जब विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार किया जा रहा था तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंशवाद को खत्म करने के बड़े-बड़े दावे किए थे।
जम्मू संभाग के लोगों को जम्मू का मुख्यमंत्री देने के बड़े-बड़े सपने दिखाए थे, लेकिन अब भाजपा सत्ता के लालच में जम्मू की जनता को धोखा देकर पीडीपी के साथ हाथ मिला बैठी है। जिस प्रकार सरकार का गठन हुआ, इससे साफ है कि भाजपा पीडीपी के आगे घुटने टेक चुकी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री के बयान का भी विरोध किया गया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव की सफलता के लिए पाकिस्तान और आतंकवादियों को श्रेय दिया। यह बयान पूरी तरह से देश विरोधी है।
अगर पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में चुनाव को सफल बना रहा था तो देश के सिपाही और प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने फिर क्या किया। इस बयान के चलते मुफ्ती के खिलाफ नारेबाजी की गई। सुमित मगोत्रा ने कहा कि कांग्रेस इस गठबंधन सरकार का आगे भी इसी तरह से विरोध करती रहेगी।