उधमपुर। मरम्मत के 24 घंटे के भीतर बिरमा पुल फिर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिस कारण यातायात बंद कर दिया गया है। इस कारण जहां दिनभर वाहनों की कतारें लगी रही वहीं, लोगों को कई किलोमीटर का सफर कर शहर पहुंचना पड़ा है। इससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
बिरमा पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करने के बाद मंगलवार को ही यातायात बहाल किया गया था। लेकिन 24 घंटे के भी ही यह हिस्सा फिर से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस हिस्से की बीआरओ की तरफ से मरम्मत की गई थी। बुधवार दोपहर को 12 बजे पुल के एक हिस्से पर एक विशाल गड्ढा बन गया, जिस कारण एहतियातन वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया है। पुलिस ने बेरिकेड लगाकर पुल के दोनों छोर से यातायात को रोक दिया है।
इससे पुल के आसपास काफी बडी संख्या में वाहनों की लंबी कतारे लग गई। कुछ देर इंतजार करने के बाद वाहन चालक वाहनों को लेकर अन्य वैकल्पिक मार्गों की तरफ निकल पडे़। इससे विशेष तौर पर रैंबल, गढ़ी, जिब थाती, चोपड़ा शॉप, टिकरी, पंचैरी, पट्ठी, पंगारा, क्रिमची और मानसर आदि जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी है।