कटड़ा। धर्मनगरी में श्राइन बोर्ड के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी कटड़ा प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता जारी है। छठे दिन गुरुवार को भवानी क्रिकेट क्लब कटड़ा और कटड़ा क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मुकाबले जीत कर अगले दौर में प्रवेश किया है।
वीरवार सुबह भवानी क्रिकेट क्लब कटड़ा और गुड़ा सलाथिया क्रिकेट क्लब जम्मू के बीच मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुड़ा सलाथिया क्रिकेट क्लब जम्मू की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 104 रन बनाए और जीत के लिए 105 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में भवानी क्रिकेट क्लब के ओपनर बल्लेबाज मनजीत और सतीश ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर 12.5 ओवर में 108 रन बनाकर टीम को 10 विकेट से जीत दिलवा दी। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए सतीश को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिसके लिए उन्हें ट्रॉफी सहित 21 सौ रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया।
दूसरा मुकाबला कटड़ा क्रिकेट क्लब और नोमाईं क्रिकेट क्लब के मध्य खेला गया। कटड़ा क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाए और जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में नोमाई क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित ओवर में 143 ही बना पाई और 19 रन से मैच हार गई। अमित को मैन ऑफ दी मैच चुना गया, जिन्हें ट्रॉफी सहित 21 सौ रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
आज खेले जाएंगे दो मुकाबले
शुक्रवार को पहला मुकाबला एफसीसी शेरपुर व एसआरसीसी ज्योतिपुरम क्रिकेट क्लब और दूसरा मैच हरिजोन क्रिकट क्लब जम्मू व हॉली बयू राजोरी के मध्य होगा।