उधमपुर। सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल बरमीन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से लगभग 19 लाख रुपये से विकास कार्य किए जाएंगे। अलग साइंस ब्लॉक का निर्माण होगा जिससे विज्ञान विषय के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा मरम्मत का काम किया जाएगा।
यह परियोजना पीएम श्री योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। लोक निर्माण विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा। साइंस ब्लॉक के निर्माण से छात्रों को प्रयोगशाला के साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी जिससे पढ़ाई में गुणवत्ता आएगी और वे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी कर सकेंगे।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने पहल का स्वागत किया है। बोधराज, हंसराज, लाल चंद, नसीब चंद व अन्य का कहना है कि लंबे समय से स्कूल में विज्ञान से जुड़े संसाधनों की कमी महसूस की जा रही थी जिसे अब दूर किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। नया साइंस ब्लॉक बनने से छात्रों की संख्या में भी वृद्धि होगी।
हायर सेकेंडरी स्कूल में साइंस ब्लॉक के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया है जिसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
-
सुनील थुसु, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग