उधमपुर: सेरगा रोड पर लग रहे हैं बैसाखी मेले के स्टॉल.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर के देविका घाट के किनारे सैरगाह रोड पर बैसाखी मेले के लिए कारोबारियों ने स्टॉल लगाना शुरू कर दिया है। वहीं, नगर परिषद भी कार्यक्रम स्थल की सफाई में जुटा हुआ है। मंगलवार शाम तक सफाई का काम पूरा हो गया था।
इस मेले के लिए काफी उत्साहित हैं, क्योंकि दो वर्ष बाद मेले का आयोजन होने जा रहा है। 2020 में कोरोना संकट शुरू होने के बाद प्रशासन व सरकार ने सभी प्रकार के कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा दिए थे। अब 2022 में कोरोना संकट से थोड़ी राहत मिली है तो दो वर्ष बाद बैसाखी मेले का आयोजन होने जा रहा है। हालांकि, इस बार मेले का आयोजन देविका घाट की बजाय सैरगाह रोड पर होगा।
उधमपुर के इतिहास में पहली बार बैसाखी मेला सैरगाह रोड पर आयोजित होने जा रहा है। इससे पहले देविका घाट पर ही इसका आयोजन किया जाता था। अब मेले का समय नजदीक है, इसलिए कार्यक्रम स्थल पर कारोबारियों ने अपने स्टॉल लगाना शुरू कर दिए हैं। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को कई कारोबारियों ने सैरगाह रोड पर स्टॉल लगाने का काम शुरू किया है।
काफी संख्या में कारोबारियों ने स्टॉल लगाने का सामान सैरगाह रोड पर पहुंचाया। दिन भर कारोबारी पहुंचते रहे और तैयारियों में जुटे रहे। नगर परिषद ने भी सुबह से सैरगाह रोड की सफाई करना शुरू कर दिया था। कचरे को उठाकर स्टॉल लगाने के लिए स्थान बनाया जा रहा है। संभावना है कि बुधवार शाम तक बैसाखी मेले में सभी स्टॉल लग जाएंगे, और बैसाखी की पूर्व संध्या पर ही मेले जैसा माहौल बन जाएगा।