तीन दिवयीय बाबा अगार जित्तो मेले का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। तीन दिवसीय ऐतिहासिक बाबा अगार जित्तो मेला वीरवार को श्रद्धा भाव के साथ संपन्न हो गया। मेले में देश भर के करीब 25000 श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा जित्तो मंदिर में हाजिरी लगाई और परिवार की सुख-शांति की कामना की।
मेले के अंतिम दिन बाबा जित्तो मंदिर में बाबा के पवित्र चिन्हों गढ़वा, कटार, तथा सोंगले आदि पवित्र पालकी में सजाकर ढोल बाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद इन्हें बाबा जित्तो की जन्मस्थली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ स्थापित किया गया। मेले में श्रद्धालुओं के साथ ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल का दौरा कर खरीदारी की।
मेले में सजी दुकानों में श्रद्धालुओं ने खरीदारी के साथ डोगरी व्यंजनों का लुत्फ उठाया जिसमें राजमा, चावल, खमीरा, क्यूर (मैदे की रोटी), लस्सी आदि शामिल थे। अंतिम दिन बाबा जित्तो मंदिर में शाम तक लोगों का तांता लगा रहा। शाम को विशाल दंगल का आयोजन हुआ।
कृषि विभाग ने किसानों को किया जागरूक
मेले में मुख्य कृषि अधिकारी विनोद कुंडल की सक्रिय नेतृत्व में कृषि विभाग ने किसान हितैषी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई। इसमें लगाए गए स्टालों पर होलिस्टिक एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्रोग्राम , मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, जैविक सब्जी उत्पादन, किसान उत्पादक संगठन केंद्र प्रायोजित योजनाएं इत्यादि विषयों पर जानकारी दी गई। महिला किसानों एवं युवाओं को योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इच्छुक किसानों का मौके पर ही पंजीकरण भी किया गया।