उधमपुर। कृषि उत्पादन और किसान कल्याण विभाग ने सोमवार को विभाग कार्यालय परिसर में किसान प्रदर्शनी सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इसमें किसानों को हाइब्रिड फसलों व सब्जियों की पैदावार, मशरूम उत्पादन आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मौके पर विभिन्न ग्रामीण इलाकों के प्रगतिशील किसानों तथा स्वयंसेवक समूहों ने अपनी पैदावार व उत्पादन के प्रदर्शन के लिए स्टाल भी लगाए गए थे। कार्यक्रम में उपस्थित जिब क्षेत्र की एक प्रगतिशील महिला मशरूम उत्पादक ने बताया कि पहले वह जम्मू कश्मीर के बाहर एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। लेकिन, अब घर में उन्होंने संबंधित विभाग के सहयोग से मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का साधन बनाया है। इससे उन्हें काफी लाभ मिला है, जिसके बाद उनका पूरा परिवार इस काम को मिलकर कर रहा है।
वहीं, विभाग अधिकारियों ने कहा कि ‘सीधा किसान से दुकान तक’ इस प्रदर्शनी को लगाने का उद्देश्य किसानों को सब्जियों, फलों व अन्य फसलों की उम्दा पैदावार के बारे में जागरूक करना था। इसमें एग्रीकल्चर, एपीकल्चर, आदि से संबंधित प्रगतिशील किसानों को बुलाया गया था। इसमें किसानों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें अपनी पैदावार को बेचने के लिए विपणन की भी जानकारी दी गई है।