उधमपुर/चिनैनी। हथकरघा विकास विभाग ने बुनकरों के लिए एक प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका मुख्य उद्देश्य विभाग की ओर से शुरू की गई विभिन्न योजनाओं के बारे में बुनकर समुदाय को जागरूक करना था।
कार्यक्रम में एसडीएम डूडू प्रदीप सिंह चिब मुख्यातिथि के तौर पर शामिल रहे। जबकि सम्मानित अतिथियों में लाटी के सरपंच कस्तूरी लाल, पंचौड के सरपंच बोध राज, लाटी थाना के सब इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम, नायब तहसीलदार हंस राज सहित बुनकर मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन भी मुख्यातिथि ने किया। मौके पर बुनकर समुदाय के कल्याण के लिए भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय की ओर से प्रदान किए गए बुनकर सेवा केंद्र श्रीनगर के सहयोग से योजना कौशल उन्नयन के तहत बुनाई में प्रशिक्षण के लिए लगभग 20 बुनकरों का चयन किया गया।
इस अवसर पर बुनकरों के लिए चलाई जा रहीं अन्य योजनाएं जैसे बुनकर कार्ड योजना, प्रधानमंत्री बुनकर मुद्रा योजना, प्रशिक्षण कार्यक्रम, शिक्षा योजना, करघे के लिए ऋण योजना, शेयर पूंजी ऋण योजना और कारखंडर योजना के बारे में भी विशेष रूप से जानकारी दी गई।