उधमपुर। अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के उपलक्ष्य पर सरकारी महिला कालेज उधमपुर की तरफ से वर्चुअल इंटर कालेज वेबिनार का आयोजन किया गया। जिसमें जम्मू संभाग के विभिन्न कॉलेजों की छात्राओं ने हिस्सा लेकर लेकर अपनी बात को रखा। एनसीसी कैडेट ने बताया कि नशे के जाल में फंस कर युवा अपने भविष्य को खराब कर रहे हैं। नशे के कारण ही हर वर्ष हजारों युवा अपनी जान भी गंवाते हैं।
सरकारी महिला कालेज की प्रिंसिपल मीनू महाजन ने बताया कि इस वेबिनार में विभिन्न कालेजों से 53 एनसीसी कैडेट ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का नशे के जाल में फंसना सभी के लिए चिंता का विषय है। अब तो युवाओं के साथ किशोर भी नशे के जाल में फंस रहे हैं। हालांकि इनको सही राह पर लाने के लिए हर संभव प्रयास भी किए जा रहे हैं। पूरे विश्व में हर वर्ष लाखों लोगों की मौत नशीली वस्तुओं का सेवन करने से हो रही है। युवाओं को जानबूझ कर नशे के जाल में फंसा कर उनके भविष्य को खराब किया जा रहा है। अभिभावकों को भी अपने बच्चों पर नजर रखनी होगी। अगर उनको लगता है कि उनका बच्चा गलत संगत में फंस गया है तो उसको रोकने के लिए कदम उठाने होंगे। वेबिनार में पहला स्थान सिमरण शर्मा ने हासिल किया, जबकि दूसरा स्थान श्रुति शर्मा और तीसरे स्थान पर प्रियंका रहीं। चाहत डोगरा को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।