उधमपुर। राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु रूप से चलाने के लिए रविवार को घाटी जाने वाले ट्रकों को दिन भर उधमपुर में रोक कर रखा गया। चालक शाम तक आगे जाने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन पुलिस ने इनको जाने नहीं दिया। इनको सोमवार सुबह घाटी की तरफ रवाना किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन जाम की समस्या सामने आ रही है। जाम बढ़ने पर पुलिस घाटी और जम्मू जाने वाले ट्रकों को बारी-बारी से छोड़ती है। एक दिन जम्मू से घाटी और दूसरे दिन घाटी से जम्मू के लिए ट्रकों को रवाना किया जाता है। करीब सप्ताह से राजमार्ग पर बार-बार जाम की स्थिति बन रही है और इसी को लेकर पुलिस ने अब बारी-बारी से ट्रकों को घाटी और जम्मू की तरफ रवाना करना शुरू किया है। रविवार को ट्रकों को घाटी की तरफ रवाना नहीं किया गया, जबकि घाटी से जम्मू के लिए ट्रक दिन भर चलते रहे। उधमपुर के जखैनी इलाके में पुलिस ने ट्रकों को सुबह से ही रोकना शुरू कर दिया था। इसके बाद ट्रकों की कतार बढ़ती चली गई। दोपहर तक जखैनी के साथ बट्टलबालियां, रठियान, गरनई, मांड, टिकरी व अन्य कई इलाकों में सैकड़ों ट्रकों को रोका जा चुका था। चालक ट्रकों से बाहर निकल कर आगे जाने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन इनको शाम तक घाटी जाने की अनुमति नहीं मिली। गर्मी के कारण चालकों को दिन भर परेशानी का सामना करना पड़ा। चालकों का कहना है कि कई ट्रकों को ऐसे स्थानों पर रोका जाता है, जहां पर पानी भी नहीं मिलता है।