संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) में शुक्रवार को आयोजित दो दिवसीय उत्तरी कमान क्लस्टर स्तरीय एपीएस फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 में एपीएस उधमपुर असाधारण प्रदर्शन करते हुए विजेता रहा। टूर्नामेंट में उधमपुर के अलावा श्रीनगर, अखनूर, रखमुट्ठी, नगरोटा, धार रोड स्थित स्टेट आर्मी पब्लिक स्कूलों ने हिस्सा लिया।
पहले सेमीफाइनल में एपीएस रखमुट्ठी ने एपीएस नगरोटा को 4-0 के अंतर से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में एपीएस उधमपुर ने एपीएस श्रीनगर की टीम को 5-1 गोल से करारी मात दे कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। फाइनल मुकाबले में एपीएस उधमपुर और एपीएस रखमुट्ठी के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। रोमांचक मुकाबले में एपीएस उधमपुर ने एपीएस रखमुट्ठी को 2-0 के अंतर से हराकर फाइनल मुकाबला अपने नाम किया।
फुटबॉल टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए सक्षम शर्मा को बेस्ट ऑफ द प्लेयर घोषित किया गया। एपीएस उधमपुर के प्राचार्य डॉ संजीव कुमार ने खिलाड़ियों सहित खेल प्रबंधन और शिक्षकों को बधाई दीं। उन्होंने प्रसन्नता पूर्वक अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने वास्तव में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल को गौरवान्वित किया है। इनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए हम सब आशान्वित हैं कि ये खिलाड़ी भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम अवश्य रोशन करेंगे।