उधमपुर शहर में दुकान से पालीथिन जब्त करती प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिले में पॉलिथीन प्रतिबंधित है। बावजूद इसके लोग पॉलिथीन का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। इस पर अब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। बुधवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में टीम ने दुकानों की जांच की और पॉलिथीन बरामद कर दुकानदारों से जुर्माना वसूला।
प्रतिबंध के बावजूद बावजूद दुकानों व रेहड़ियों पर पॉलिथीन का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। कभी कभार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद इसको लेकर कार्रवाई करता है। बुधवार को प्रदूषण नियंत्रण कमेटी के जिला अफसर बदर हुसैन के निर्देश पर टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में दुकानों की जांच कर पॉलिथीन बरामद की।
दोपहर तक चली इस कार्रवाई में टीम ने करीब 35 किलो पॉलिथीन बरामद की। और दुकानदारों से करीब 1500 रुपये जुर्माना वसूल किया। टीम ने दुकानदारों से कहा कि उधमपुर को पॉलिथीन मुक्त करने पर काम किया जा रहा है। इसके तहत हर रोज दुकानों की जांच की जा रही है। पॉलिथीन के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। शहर की सुंदरता भी खत्म हो रही है। इसको लेकर सभी को प्रयास करने होंगे। ग्राहकों को घर से थैला लाने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पॉलिथीन का इस्तेमाल न करे।