भद्रवाह। भद्रवाह-पठानकोट मार्ग पर सोमवार को बमलाखी गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोगों के साथ एक अन्य किशोर घायल हो गया।
बताया जाता है कि कार (जेके02एन-7787) में सवार परिवार भद्रवाह-चंबा मार्ग स्थित पदरी मैदान में घूमने के बाद वापस भद्रवाह जा रहे थे। सोमवार को दोपहर साढ़े तीन बजे सभी बमलाखी के गांव के पास पहुंचे थे कि कार अनियंत्रित होकर 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन में से तीन किशोरों सहित सभी छह लोगों को बाहर निकाला गया। इन्हें उप जिला अस्पताल भद्रवाह पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने इनमें से एक को मृत घोषित कर दिया।
बीएमओ भद्रवाह डॉ. शकील अहमद सुम्ब्रिया ने कहा कि मृतक की पहचान भाला तहसील के ग्राम शरेना के रहने वाले फकीर सिंह पुत्र अर्जुन सिंह (33) के रूप में हुई है। बाकी के घायल उपचाराधीन हैं। उनकी हालत स्थिर है।
घायलों में नैना देवी (43) पत्नी देव राज, उनकी दो बेटियां हिमानी (15), दीपिका (13) और बेटे राहिल देव (17) तथा साहिल (17) पुत्र रतन लाल सभी निवासी भाला शामिल हैं। भद्रवाह पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।