उधमपुर। शहर के साथ लगते लड्डन इलाके में मंगलवार सुबह महेंद्रा वाहन के पलटने से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार सुबह करीब आठ बजे उधमपुर-घोरड़ी मार्ग पर उधमपुर की तरफ आ रहा महेंद्रा 207 वाहन (जेके14सी-0887) लड्डन इलाके में अनियंत्रित हो कर सड़क से नीचे खाई की तरफ पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीखोपुकार मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत लोगों को वाहन से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान राधे श्याम पुत्र हंस राज निवासी, जीवन कुमार पुत्र बंसी लाल, सखर पुत्र शंकर दास, विक्की कुमार पुत्र जुगल किशोर और छोटू राम पुत्र कुंज लाल सभी निवासी पखलाई के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर है।