उधमपुर/बटोत/रामनगर/किश्तवाड़। बुधवार को ईदगाह और मस्जिदों में नमाज पढ़ने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं। उधमपुर के ईदगाह व सैला तालाब स्थित जामा मस्जिद में भी नमाज अता की गई। वहीं शाम के समय घरों में दावत का आनंद उठाया।
सुबह करीब आठ बजे से ही शहर व ग्रामीण इलाकों से नमाजी ईदगाह व जामा मस्जिद में एकत्र होना शुरू हो गए थे, जहां प्रशासन द्वारा नमाजियों की सुविधा के लिए पूरे प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नमाजियों को पूरी जांच के बाद ही मस्जिद के अंदर भेजा जा रहा था। नमाज अता कर परिवार की सुख शांति के लिए दुआ मांगी। साथ ही एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। ईद की नमाज अता करने के लिए छोटे बच्चे नए वस्त्र पहन कर पहुंचे थेे। वहीं मस्जिद में मौजूद विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया, पवन गुप्ता, तहसीलदार सपना कोतवाल, एएसपी बेनाम तोश को भी ओकाफ कमेटी के सदस्यों ने ईद की बधाई दी। नमाजियों ने मस्जिद से बाहर निकलकर बाहर बैठे जरूरतमंद लोगों में खैरात भी बांटी।
ईद को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर रखे थे। पीएचई विभाग द्वारा पीने का पानी की पूरी व्यवस्था की गई थी, पीडीडी द्वारा बिजली, स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस व दमकल विभाग के जवान व अधिकारी आपातकालीन परिस्थिती से निपटने के लिए पूरी तैयारी के साथ मौजूद थे।
उधर बटोत के ईदगाह मैदान पर मौलवी खलील डार रहमान की अध्यक्षता में ईद क नमाज अता की गई। इस दौरान अमन, शांति, भाईचारा की दुआ मांगी गई। रामनगर में भी ईद की रौनक रही। किश्तवाड़ में करीब 15 हजार लोगों ने चौगान मैदान में नमाज अता की। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। दस बजे नमाज पढ़ी गई। नमाज के बाद धार्मिक झंडा लेकर शाह फरीद-उद-दीन बगदादी की जियारत की तरफ निकले। इस दौरान नारे लगाने पर तनाव की स्थिति बन गई। लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।
भाईचारा कायम रखने का अनुरोध
रामबन (ब्यूरो)। बुधवार को बड़ी संख्या में लोग जामा मस्जिद में पहुंचे। बनिहाल, गूल, चंद्रकोट, रामसू, खड़ी आदि में भी नमाज अता की गई। जामा मस्जिद के इमाम मौलाना गुल मोहम्मद फारुकी ने ईद की नमाज पढ़ाई। उन्होंने लोगों से भाईचारा कायम रखने का अनुरोध किया।
सुबह से शाम तक रही रौनक
चिनैनी। चिनैनी में भी ईद पर सुबह से बधाइयों का दौर जारी था। करीब साढ़े नौ बजे चिनैनी के विभिन्न क्षेत्रों के मसजिदों में ईद की विशेष अता की गई। इसके बाद लोगों ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं, चिनैनी घोरडी विधायक केसी भगत, चिनैनी तहसीलदार ओपी भगत, थाना प्रभारी केके गुप्ता सहित गणमान्य व्यक्तियों ने जामा मसजिद में पहुंच कर ईद-उल-अजहा की बधाइयां दीं।