पंचैरी। ब्लाक के परेई गांव में सोमवार को झाड़ियों से आठवीं कक्षा की एक छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह तीन दिनों से अपने घर से लापता थी। हालांकि पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर वारिसों को सौंप दिया। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि उसकी मौत कैसे हुई? मामले की जांच की जा रही है।
गांव परेई की आठवीं कक्षा की छात्रा संतोषी देवी के शव को गांव के लोगों सोमवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे गहरे नाले की झाड़ियों में पड़ा देखा। इसकी खबर गांव में आग की तरह फैल गई। पुलिस को भी सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर धारा 174 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक छात्रा की मौत के बारे में अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा। बताया जा रहा है कि इस छात्रा के पिता नहीं हैं, जबकि दो बडे़ भाई हैं। वह तीन दिन पहले से लापता थी, काफी तलाश करने पर भी वह नहीं मिली। हालांकि पुलिस में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई थी।