उधमपुर/चिनैनी। पत्नीटाप में इन दिनों वहां के खुशगवार मौसम का लुत्फ उठाने पर्यटकों की आमद बढ़ी है। जहां स्थानीय बच्चों की गर्मी की छुट्टियां जारी हैं, वहीं बाबा श्री अमरनाथ के दर्शनों से लौट रहे श्रद्धालु भी पत्नीटाप में में ठहर रहे हैं, जिससे वहां के प्राकृतिक सौंदर्य का वह भरपूर आनंद उठाते हुए नजर आ रहे हैं। पहाड़ों के मध्य बसा पर्यटन स्थल पत्नीटाप में इन दिनों सैलानियों के अधिक संख्या में पहुंचने से वहां की बहार में दोगुना वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय कारोबारी भी खुश दिखाई दे रहे हैं। एक ओर जहां गर्मी व उमस ने लोगों को अभी तक इस बरसात के मौसम में भी परेशान कर रखा है तो वहीं, पर्यटकों को पत्नीटाप में पहुंचकर काफी राहत मिल रही है। देवदारों के वृक्ष समूहों से घिरा पत्नीटाप सैलानियों को इन दिनों आकर्षण का केंद्र बन गया है जहां भारी संख्या में पहुंचने वाले सैलानी पत्नीटाप विभिन्न पार्कों में घूमकर पत्नीटाप की आबोहवा का लुत्फ उठा रहे हैं। कई सैलानी तो वहां से वापस जाने के मूड में नहीं हैं तो कई सैलानी कई दिनों का पैकेज टूर प्लान कर वहां पर पहुंच रहे हैं। कुछ सैलानियों ने कहा कि श्रीनगर से वे हो आए हैं, लेकिन जो पत्नीटाप की आबोहवा और कुदरती खूबसूरती है, वह अपने आप में बेमिसाल है। देश के विभिन्न जगहों से सैलानी तो पत्नीटाप में पहुंच रहे हैं, वहीं विदेशी सैलानी भी अपने-अपने ग्रुप के साथ पत्नीटाप आना नहीं भूल रहे।
इसके अलावा बाबा करलाह (पत्नीटाप) मंदिर में भी हर रोज सैलानियों का दर्शनार्थी के रूप में पहुंचने का दौर जारी है। पत्नीटाप के अलावा सैलानी इन दिनों नत्थाटाप-सनासर जैसे खूबसूरत इलाके में जाना नहीं भूल रहे हैं, जबकि चिनैनी, सुद्ध महादेव, मानतलाई भी सैलानियों की पसंद बनी हुई है।