हाईवे पर लगा जाम, घाटी जाने वाले ट्रक रोके
उधमपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह के समय जाम की समस्या बनने पर पुलिस ने मंगलवार को घाटी जाने वाले ट्रकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया। इसके बाद फोरलेन राजमार्ग पर शाम तक ट्रकों की कतार लग गई। इस दौरान चालकों और सह चालकों को कई तरह की परेशानियां आईं।
सुबह के समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर से चिनैनी तक जाम लग गया। इस पर पुलिस ने घाटी जाने वाले ट्रकों को जखैनी से आगे बढ़ने पर प्रतिबंध लगा दिया। हालांकि यात्री वाहनों की आवाजाही जारी रही। प्रतिबंध लगने के बाद फोरलेन राजमार्ग पर ट्रकों की कतार लगने लगी। शाम तक संगूर, बट्टलबालियां, रठियान, गरनई में बड़ी संख्या में ट्रक रुके दिखाई दिए। इससे दौरान पानी व खाने की सुविधा न मिलने पर चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ ऐसे स्थान भी थे, जहां चालकों को चाय और पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। चालकों का कहना था कि वाहनों को ऐसे स्थान पर रोकना चाहिए, जहां खाने-पीने की व्यवस्था हो।