उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को कुल 65 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें आठ लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 57 लोग जिले के विभिन्न हिस्सों में संक्रमित पाए गए हैं। इनके संपर्क में रहने पर स्वास्थ्य विभाग ने 150 से अधिक लोगों को होम क्वारंटीन किया है। इनके जिला अस्पताल में कोरोना टेस्ट भी करवाए गए हैं। जिले अब कोरोना संक्रमण के कुल 453 सक्रिय मामले बचे हैं।
कोरोना संकट बढ़ने के बाद से ही जिले में स्वास्थ्य विभाग ने टेस्टिंग का काम तेज दिया है। हर रोज एक हजार से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। इनमें से 50 से अधिक लोग हर रोज कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ मरने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को भी दो लोगों की मौत संक्रमण से हो गई है। मंगलवार को जारी की गई सूची में कुल 65 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
इनमें से आठ लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर और 57 लोग उधमपुर के साथ रामनगर, चिनैनी, मजालता, पंचैरी व अन्य कई स्थानों पर संक्रमित पाए गए हैं। चिनैनी में नौ, रामनगर में 17, टिकरी में नौ, मजालता में एक, बसंतगढ़ में छह, पंचैरी में एक, शहर में 20 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शहर के अंदर कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी लगातार जारी है और इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता दुगनी हो गई है। शाम तक कुल 42 लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 5738 हो गए हैं। इनमें से 5222 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। 63 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले अब कोरोना संक्रमण के कुल 453 सक्रिय मामले बचे हैं।