उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में शनिवार को कुल 62 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 11 लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए हैं। बाहरी राज्यों से लौटने वाले दस सुरक्षाबल हैं। इसके साथ ही शाम तक कुल 44 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे। जिले में अब कोरोना संक्रमण 453 सक्रिय मामले बचे हैं। कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी से प्रशासन की परेशानी भी बढ़ती जा रही है।
जिले में हर रोज 50 से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। करीब दस दिन से इनमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि अब कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को जिले में कुल 72 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इनमें 15 लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए थे, जबकि 57 स्थानीय निवासी संक्रमित पाए गए थे। शनिवार को जिले में कुल 62 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 22 शहर के अंदर संक्रमित पाए गए हैं। यह सभी लोग शहर के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने इनके संपर्क में रहने वाले 100 से अधिक लोगों का पता लगा कर सबको होम क्वारंटीन किया है। साथ ही इनके जिला अस्पताल में कोरोना टेस्ट भी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 5596 हो गए हैं। इनमें से 5082 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 61 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 453 सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें से 368 को होम आइसोलेशन पर रखा गया है। आठ को अस्पताल में आइसोलेशन पर रखा गया है। 77 को फोर्स क्वारंटीन पर रखा गया है। 746 लोगों को होम क्वारंटीन पर रखा गया है।