उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमितों का पाया जाना बुधवार को भी जारी रहा। शाम तक जिले में कुल 61 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें सात लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 54 जिले के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले हैं। इनमें ज्यादातर उधमपुर शहर व साथ लगते ग्रामीण इलाकों में रहने वाले हैं। इसके साथ 47 लोग कोरोना को मात देने में भी कामयाब रहे हैं। संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्क में रहने पर 100 से अधिक लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।
गौरतलब है कि करीब चार सप्ताह से जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिल पा रही है। करीब दो सप्ताह से तो हर रोज 50 से अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए जा रहे है। संक्रमियों की संख्या में बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की भी चिंता को बढ़ा दिया है। मंगलवार को जिले में कुल 68 लोग कोरोना संक्रमित पाए थे।
इनमें 57 बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए थे। बुधवार को कुल 61 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और इनमें सात लोग बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए हैं। जिले में चिनैनी में छह, रामनगर में सात, टिकरी में सात, पंचैरी में दो, मजालता में पांच और उधमपुर शहर में 27 लोग संक्रमित पाए गए हैं। शहर के हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। शाम तक कुल 47 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। इससे थोड़ी राहत जरूर मिली है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 5799 हो गए हैं। इनमें से 5269 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 63 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 467 सक्रिय मामले बचे हैं।