उधमपुर। जिले में कोरोना वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में फिर से कमी आने लगी है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ने लगी है। दो दिन में जिले में कुल 2362 लोगों ने ही वैक्सीन लगवाई है। रविवार को स्वतंत्रता दिवस के दिन तो केवल 693 लोगों ने ही वैक्सीन लगवाई। मंगलवार को इनकी संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
स्वास्थ्य विभाग से 23 हजार से अधिक डोज का नया स्टाक मिलने के बाद जिले में वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी हुई थी। हर रोज तीन हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगी रही थी। वैक्सीन सेंटर में भी लोगों की लंबी कतारें नजर आ रही थी, लेकिन रविवार को स्वतंत्रता दिवस के दिन इनकी संख्या में अचानक से कमी आ गई है। सोमवार भी इनकी संख्या में कमी आई है। सोमवार को कुल 1669 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी है।
दो दिन में कुल 2362 लोगों को वैक्सीन लगी है। सोमवार को एक स्वास्थ्य कर्मचारी को दूसरी, 29 फ्रंट लाइन वर्कर्स को दूसरी, 18 से 45 आयु वर्ग में 1015 लोगों को पहली और 28 को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 58 लोगों को पहली और 413 को दूसरी, 12 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 113 को दूसरी डोज लगाई गई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तैयार वैक्सीन सेंटर में भी वैक्सीन लगवाने के लिए कम संख्या में लोग पहुंचे थे।