पटनीटाप व नत्थाटाप में तीसरे दिन भी हुआ हिमपात
लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी दूर की
बढ़ती ठंड के कारण लोग जल्दी ही घरों की ओर रुख कर गए
अमर उजाला ब्यूरो
चिनैनी। मौसम का मिजाज बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी बदला रहा। इस बीच पहाड़ों पर हिमपात तथा मैदानी इलाकों में लगातार बारिश होती रही। इससे तापमान में तो कमी आई तो ठंड में भी इजाफा हो गया। लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी दूर की, और बाजारों में लोगों की भीड़ कम रही।
बुधवार को जम्मू संभाग का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पत्नीटाप बर्फ की मोटी सफेद चादर से ढक गया, जिससे देवदार के वृक्ष भी सफेद रंग में रंग। पटनीटाप में तीसरे दिन भी बर्फ गिरती रही, वहीं नत्थाटाप में भी भारी हिमपात जारी रहा, जिससे चोटी पर तीन फुट से अधिक बर्फ गिरी। चिनैनी के साथ लगती पर्वतों जुगधार, देराटाप, शिवगढ़ धार, स्योजधार, लद्दाधार, सिनथनटाप की चोटियां बर्फ ढक गई। इससे पूरा क्षेत्र ठंड की चपेट में रहा और बर्फीली हवाओं के चलने लगी। बढ़ती ठंड के कारण लोग जल्दी ही घरों की ओर रुख कर गए। दुकानदार भी दुकानें जल्दी बंद कर गए। बता दें कि लाटी, मरोठी, सराड़, सुद्धमहादेव, मानतलाई, गौरीकुंड, पट्टनगढ़, कुद में भी बुधवार को बर्फबारी हुई । ------
पटनीटाप में ताजा बर्फबारी ने सैलानियों में खुशी
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटाप में तीसरे दिन भी बर्फबारी का नजारा देश के कई हिस्सों से आए सैलानियों ने लिया। उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जिन सैलानियों ने पहली बार बर्फ गिरते देखी वह काफी समय तक बर्फ के फाहों के साथ मस्ती करते रहे और उन्हें ठंड का भी एहसास नहीं हो रहा था। दिनभर हुई बर्फबारी के कारण वहां पहुंचे कई सैलानियों ने अपना टूर प्लान में भी बदलाव लाकर बर्फबारी का मजा लिया। इस दौरान सैलानियों ने एक दूसरे पर बर्फ के गोले फेंके। साथ ही हिममानव बनाकर उसके साथ चित्र भी खिचवाएं। कई सैलानी श्री माता वैष्णो के देवी के दर्शन करने के बाद पहुंचे और हिमपात का आनंद उठाया।