पौनी। विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा के परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र मयंक अबरोल पुत्र सुशील कुमार ने 500 में से 490 अंक (98.2 प्रतिशत) प्राप्त कर नाम रोशन किया है। मयंक डॉक्टर बनना चाहते हैं। उपलब्धि से परिवार, विद्यालय एवं पूरे इलाके में खुशी की लहर है। लेतर क्षेत्र की छात्रा प्रतिभा शर्मा पुत्री सतीश शर्मा ने 500 में से 488 अंक (97.6 प्रतिशत) हासिल कर जिले में नाम रोशन किया है। प्रतिभा ने राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल से परीक्षा दी थी। उनकी सफलता से परिवार, विद्यालय व पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। प्रतिभा वर्तमान में नीट की तैयारी कर रही हैं और भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।
इंजीनियर बनना चाहते हैं नमन
रियासी। बारहवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में 98.4 प्रतिशत अंक के साथ छठी पोजिशन पर आए नमन केसर के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। बेटे की शानदार उपलब्धि पर अभिभावकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नमन ने मेहनत का श्रेय स्कूल प्रशासन और अध्यापकों को दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन में परिजन का पूरा सहयोग रहा। तैयारी के लिए ट्यूशन के साथ मोबाइल की भी मदद ली। वार्ड नंबर चार राम गली में रहने वाले मुकेश चंद्र व लता देवी के होनहार बेटे का सपना इंजीनियर बनने का है। इसके लिए वे अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। संवाद