आर्मी चीफ के साथ लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा
- फोटो : Amar Ujala
सैन्य प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने मंगलवार को कश्मीर घाटी का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया। श्रीनगर के साथ ही उन्होंने पिछले दिनों हिंसाग्रस्त रहे कुपवाड़ा का भी दौरा किया। उन्होंने सेना को पुलिस और नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया।
आर्मी चीफ के साथ उत्तरी कमान के प्रमुख जीओसी इन सी लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा भी थे। वे पहले चिनार कोर (15 कोर) के मुख्यालय पहुंचे। वहां कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ ने घाटी की समग्र सुरक्षा स्थिति के साथ-साथ उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तैयारियों की रिपोर्ट पेश की।
सेना प्रमुख को पिछले कुछ दिनों से उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भड़की हिंसा और हंदवाड़ा की घटना के बारे में भी जानकारी दी गई। श्रीनगर के बाद जनरल उत्तरी कमान और चिनार कोर के सेना कमांडरों के साथ कुपवाड़ा पहुंचे।
उन्होंने वहां तैनात जवानों सहित सैन्य अधिकारियों के साथ वहां के हालात पर बातचीत की। सेना प्रमुख को नियंत्रण रेखा पर और उससे सटे इलाकों की स्थिति के बारे में भई जानकारी दी गई। उन्होंने नियंत्रण रेखा और दूरदराज के इलाकों में तैनात यूनिटों की गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया।